तेतरिया (पूर्वी चंपारण)। राजकीय मध्य विद्यालय तेतरिया में गुरुवार 02 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय अवकाश के बावजूद बच्चों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार के निर्देशन में वरीय शिक्षक अब्दुल कलाम और महेश कुमार ने समारोह का संचालन किया। विद्यालय के बाल भगवान खुशबू कुमारी, प्रीति कुमारी, सूरज कुमार, कुमारी परी, श्रेया गुप्ता, रोमन कुमार, सादिया खातून, सफा खातून आदि बच्चों ने इसमें भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें बच्चों ने गांधीजी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। इसके बाद महेश कुमार ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा पर तथा शास्त्री जी की सादगी और “जय जवान, जय किसान” के नारे पर प्रकाश डाला।
विशेष आकर्षण यह रहा कि बच्चों ने स्वयं मंच पर आकर गांधीजी और शास्त्री जी के बताए उपदेशों को सुनाया और समझाया। किसी बच्चे ने “सत्य और अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म है” का संदेश दिया, तो किसी ने शास्त्री जी का उपदेश “किसान और जवान देश की रीढ़ हैं” प्रस्तुत किया। बच्चों के इन वक्तव्यों ने कार्यक्रम को और प्रेरणादायी बना दिया।
इस अवसर पर सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे जीवनभर गांधी और शास्त्री जी के बताए मार्ग पर चलेंगे और उनके आदर्शों को अपनाएँगे।
यह आयोजन विद्यालय में बच्चों के बीच संस्कार, नैतिकता और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास साबित हुआ।

