इटाढ़ी। कन्या प्राथमिक विद्यालय बड़का गांव में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विद्यालय परिवार ने धूमधाम से नवरात्र उत्सव मनाया। विद्यालय प्रधान सावित्री सिंह के मार्गदर्शन में नन्ही बच्चियों को मां दुर्गा के नौ रूपों में सजाकर भव्य झांकी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रधान सावित्री सिंह ने विद्यालय परिवार को दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की महिमा और दुर्गाष्टमी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिषासुर वध कर महिषासुरमर्दिनी के नाम से विख्यात मां की शक्ति और गौरवपूर्ण कथा भी छात्राओं को सुनाई।
सीमित संसाधन और समय के बावजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं की लगन और समर्पण ने इस आयोजन को खास बना दिया। झांकी में भाग लेने वाली छात्राओं के साथ-साथ विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया।
कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत डांडिया रास और गरबा नृत्य ने माहौल को आनंदमय बना दिया और उपस्थित दर्शकों से खूब सराहना बटोरी। अंत में विद्यालय प्रधान सावित्री सिंह ने सभी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।