बक्सर। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के द्वारा चक्की प्रखंड अंतर्गत हेनवा ग्राम में चन्दा पोखर का सीढ़ी घाट निर्माण एवं आहार जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया गया।
कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल बक्सर द्वारा बताया गया कि ग्रामीणों की मांग के आधार पर गत वर्ष 2023 में माननीय मुख्यमंत्री बिहार के द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में 97.102 लाख रुपए की लागत से 3.5 एकड़ में चन्दा पोखर का सीढ़ी घाट निर्माण एवं आहार जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। योजना पूर्ण होने की तिथि 14 अगस्त 2024 है।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि तालाब में नाला का पानी प्रवाहित किया जा रहा है। जो अंत्यत ही खेदजनक है। साथ ही ग्रामीणों द्वारा जलजमाव की शिकायत की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, चक्की को निर्देशित किया गया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग प्राप्त कर नाला निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही हेनवा पोखर की साफ सफाई, पोखर के चारों तरफ खाली जगह में पेवर ब्लॉक लगाने एवं ओपन जिम का निर्माण करने हेतु निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी चक्की, अंचलाधिकारी चक्की एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।

