कहा जयंती मनाने का नाटक कर अति पिछड़ा समाज को दिया जा रहा है धोखा
बिहारशरीफ (अविनाश पांडेय) : बिहार में जनता दल यूनाइटेड-राजद गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही खेमे में कर्पूरी जयंती को बड़े पैमाने पर मनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। पॉलिटिकल पंडितों ने इसे सियासी घमासान की संज्ञा दी है।
राजनीतिक के धुरंधर यह मान कर चल रहे हैं कि बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनता दल यूनाइटेड- राजद गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी अति पिछड़ा समाज में अपने पक्ष को और मजबूत करने को लेकर ऐसी सियासी खेल, खेल रही है।
20 जनवरी 2024 को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ रामसागर सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल एवं जनता दल यूनाइटेड पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा जो राजनीतिक दालों के नेता कर्पूरी ठाकुर जी को अपमानित करने का काम करते थे।
वह सभी आज उनकी जयंती मनाने का नाटक कर अति पिछड़ा समाज को धोखा दे रहे हैं। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू जी हमेशा कर्पूरी जी को अपमानित करते थे। उन्हें कपटी ठाकुर कहते थे।
आज उनकी जयंती मनाने का ढोंग रच रहे हैं। आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस नालंदा के भाजपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर रविशंकर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। प्रदेश प्रवक्ता डॉ रामसागर सिंह ने कहा कि पटना के मिलर हाई स्कूल में भाजपा का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने के उद्देश्य से 23 जनवरी को उसी मैदान में जदयू- राजद ने अपनी सरकारी पावर का दुरूपयोग कर कार्यक्रम रखा है।
ताकि भाजपा का कार्यक्रम बाधित हो जाये। परंतु भारतीय जनता पार्टी उसी मैदान में गरीबों,अति पिछड़ों के मसीहा स्व. कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती धूमधाम से मनाएगी। जनसंघ काल से ही हमारी विचारधारा कर्पूरी ठाकुर, लोहिया जी के सोच को आगे बढ़ाने में लगी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा अपने पिछले नौ वर्षों से अधिक कार्यकाल के दौरान करोड़ों गरीबों, अतिपिछड़ों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम इसी सोच का सुखद परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी कर्पूरी ठाकुर,लोहिया जैसे अनगिनत महापुरूषों के बताए रास्ते पर चलने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के शुभ अवसर पर पूरे नालंदा जिला के प्रत्येक मंदिरों में लोगों द्वारा भजन कीर्तन, पूजा अर्चना किया जाएगा एवं संध्या में मंदिरों एवं अपने अपने घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा।
पिछड़ा- अति पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार भारती ने कहा कि नालंदा जिला से हजारों की संख्या में 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाने पटना मिलर हाई स्कूल कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रीना कुमारी, जिला उपाध्यक्ष अमित गौरव, श्याम किशोर सिंह, जिला मंत्री रवि राज, जिला मीडिया सह प्रभारी अमरेश कुमार, जिला आई टी सेल संयोजक आलोक कुमार, पूर्व गिरियक मंडल अध्यक्ष अविनाश कुमार उर्फ गुडडू सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।