बक्सरबिहार

जिला स्तरीय स्वच्छता ही सेवा 2023 का शुभारंभ, प्रति प्रखंड एक मॉडल गाँव बनाने का लक्ष्य निर्धारित

बक्सर : जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता समिति अंशुल अग्रवाल के द्वारा जिला स्तरीय स्वच्छता ही सेवा 2023 का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में किया गया।

जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विभागीय मार्गदर्शन के आलोक में स्वच्छता संबंधित गतिविधियों को व्यापक तौर पर पंचायतों में चलाये जाने का निदेश दिया। साथ ही प्रति प्रखंड एक मॉडल गाँव बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी राष्ट्रव्यापी स्वच्छता की सेवा अभियान 2023 का संचालन दिनांक 15 सितम्बर 2023 से दिनांक 02 अक्टूबर 2023 तक किया जायेगा। इस वर्ष का विषय कचरा मुक्त भारत है। जिसके अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न घटकों के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम, गाँव एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान, स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, दिवाल चित्रण, स्वच्छता चौपाल इत्यादि गतिविधियों का संचालन किया जायेगा।

स्वच्छता ही सेवा 2023 का संचालन सभी गाँवों में एक साथ किया जाएगा। अभियान अवधि में जिला, प्रखण्ड स्तर से प्रतिदिन एक गाँव में विशेष अभियान का संचालन किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी के द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2023 अंतर्गत बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले माननीय मुखियागण को सम्मानित किया गया। प्रखण्ड डुमराँव से नुआँव, सोवाँ एवं लाखनडिहरा, बक्सर प्रखण्ड (सदर) से जगदीशपुर एवं चक्की प्रखण्ड से जवही दियर के माननीय मुखिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड समन्वयक, जिला संसाधन सेवी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी/कर्मीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *