वैशाली। मिशन परिवार विकास अभियान के प्रचार प्रसार हेतु सिविल सर्जन डॉ एके शाही, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एसके वर्मा और डीआइओ डॉ उदय नारायण शर्मा ने संयुक्त रूप से सारथी रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 2 तथा अन्य सभी प्रखंडों में कुल 16 सारथी रथ लोगों के बीच परिवार नियोजन के अस्थायी और स्थायी साधन के बारे में जागरूकता फैलाएगी। परिवार नियोजन के नोडल पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमिताभ कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी सारथी रथ के साथ आशा फैसिलिटेटर भी रहेंगी जो रथ द्वारा प्रचार प्रसार के साथ परिवार नियोजन के इच्छुक लाभार्थी को गर्भनिरोधक भी बाटेंगी। इसके साथ ही प्रचार वाहन राहगीरों को पम्पलेट भी बांटती चलेगी।
सिविल सर्जन डॉ शाही ने बताया कि आमजन में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता लाने एवं मिशन परिवार विकास अभियान के सफल संचालन के लिए सारथी रथ भेजा गया है। इसके माध्यम से रूट चार्ट के अनुसार सभी प्रखंड एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में 12 सितंबर तक पांच दिन प्रचार -प्रसार चलेगा।
13 सितंबर को स्वास्थ्य मेले का होगा आयोजन
डीसीएम निभा सिन्हा ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान के तहत 5 सितंबर से 11 सितंबर तक दम्पत्ति सम्पर्क सप्ताह, 12 तथा 13 सितंबर को स्वास्थ्य मेला सह मीडिया ब्रिफिंग का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 12 सितंबर से 24 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा।
पुरुष परिवार नियोजन में आएं आगे
डीसीएम निभा कुमारी सिन्हा ने कहा कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि पुरुष परिवार नियोजन के साधन में अक्सर पीछे रह जाते हैं। ऐसे में परिवार नियोजन की सार्थकता सिद्ध नहीं होती। उन्हें अस्थायी साधन के साथ परिवार पूरा होने पर नसबंदी जैसे स्थायी साधन का भी प्रयोग करने में आगे आना चाहिए।
65 हजार 300 छाया का हुआ वितरण
डिस्ट्रिक्ट कम्यूनिटी मॉबलाइजर निभा रानी सिन्हा ने कहा कि जिले में परिवार नियोजन के अस्थायी साधन के इस्तेमाल में काफी रुचि दिखाई गयी है। सभी माध्यमों के द्वारा जिले में कुल 65 हजार 300 छाया, एक लाख 63 हजार 250 कंडोम, माला की 65 हजार 300 ओसीपी साइकिल का वितरण हुआ है। इस मौके पर सीएस डॉ एके शाही, डीपीएम मणि भूषण झा, डीसीएम निभा रानी सिन्हा, डीएस डॉ एसके वर्मा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ उदय नारायण सिन्हा, सुचित कुमार तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद थे।