सीतामढ़ी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 5 से 24 सितंबर तक दो चरणों में मिशन परिवार विकास अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पहले चरण में 5 सितंबर से 11 सितंबर तक दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा एवं दूसरे चरण में 12 से 24 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा होगा। सिविल सर्जन डा. सुरेश चंद्र लाल ने कहा कि दंपति संपर्क सप्ताह के दौरान ग्रामीण स्तर पर आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी, विकास मित्र आदि योग्य दंपतियों से मिलकर उन्हें परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधनों को अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। अभियान के दूसरे चरण में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में योग्य दंपतियों को बंध्याकरण और नसबंदी की सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्थाई साधन के रूप में कॉपर टी लगवाने और गर्भनिरोधक गोली और इंजेक्शन के साथ कंडोम भी उपलब्ध कराया जायेगा।
प्रचार-प्रसार कर किया जाएगा जागरूक
सिविल सर्जन डा. सुरेश चंद्र लाल ने कहा कि पखवाड़े के दौरान ई-रिक्शा के माध्यम से जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी प्रखंडों में गांव से लेकर टोले-मोहल्ले तक परिवार नियोजन का संदेश पहुँचाया जाएगा और सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान परिवार नियोजन के साधन को अपनाने से होने वाले फायदे समेत अन्य आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी।
अस्थाई व स्थाई उपायों की दी जाएगी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को अस्थाई एवं स्थाई परिवार नियोजन की जानकारी दी जाएगी। ताकि कोई महिला परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाने के लिए तैयार है, किन्तु उनका शरीर बंध्याकरण के लिए सक्षम नहीं तो ऐसी महिला अस्थाई साधन को अपना सके। परिवार नियोजन के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधा एवं सेवाओं की भी जानकारी दी जाएगी।