
आरा से अजय सोनी की खास रिपोर्ट
आरा, भारतीय जनता पार्टी भोजपुर जिला कार्यसमिति की बैठक शाहपुर के नगर भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ प्रेम रंजन चतुर्वेदी और संचालन जिला महामंत्री अभिषेक राय ने किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री जनक चमार शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित और वंदे मातरम गायन के साथ शुरू हुआ। उसके बाद अतिथियों का स्वागत कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा अंग वस्त्र के साथ किया गया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खान एवं भूतत्व मंत्री जनक चमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अनवरत कार्य करते रहते हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने के लिए हम सभी कार्यकर्ता दिन रात भरपुर मेहनत कर देश को समृद्ध बनाने में लगे रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र या राज्यों में लाठी-डंडे, बम या नफरत के सहारे नहीं आई, बल्कि भाजपा के विचार और सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास से आया है। आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के सपने को साकार करते हुए विश्व गुरु की राह पर बढ़ रही है।
एक और जहां अन्य पार्टियां जातिवाद,परिवारवाद और नफरत की राजनीति कर देश को बर्बाद करने पर तुली हुई है ,वही भारतीय जनता पार्टी अपने विचारों के साथ समाज के सभी वर्गों को लेकर आगे बढ़ने का काम कर रही है और भारत के गौरवशाली इतिहास को फिर से बनाने के लिए प्रयत्नशील है। अब सरकारे अगड़ा- पिछड़ा के नाम पर नहीं विकास के नाम पर बनती है और वह विकास गरीब दलित, दबे कुचले लोग किसान, युवा, महिलाओं सहित सभी धर्मों के लोगों का होता है।
पार्टी कार्यकर्ता विपक्षी पार्टियों के अपमान से नहीं घबराते और ना ही सम्मान से उतावले होते हैं। हमने करोना विपदा को भी देखा है और जिस प्रकार उस विपदा के समय में हमारे देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दवा और स्वास्थ्य की चिंता अपने देश के लोगों के लिए किया गया। मुफ्त में देश के लोगों को वैक्सीन दी गई इसके साथ ही विश्व के अन्य देशों को भी मुफ्त में वैक्सीन देने का कार्य किया गया, भारत विश्व गुरु बनने की राह पर आगे बढ़ चुका है। आज हमारे नेता नरेंद्र मोदी वैश्विक नेता बन गए हैं जिन्होंने अपने देश को विश्व पटल पर मान सम्मान दिलवाने का कार्य कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी सभी का ध्यान रखने वाली पार्टी है ।यही पार्टी जनक चमार जैसे एक साधारण व्यक्ति को भी लोकसभा संसद में भेजती है और एक आदिवासी महिला को भी राष्ट्रपति बनाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अपने कर्तव्यों और दायित्वों को निभाते हुए अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को केंद्र में फिर से पूर्ण बहुमत में सरकार बनाने के लिए काम करने के लिए कहा। आज केंद्र की सभी योजनाएं समाज के सभी वर्गों के परिवार में पहुंची हुई है जिससे किसी मां के खाते में बेटा का पैसा जाए या ना जाए लेकिन नरेंद्र मोदी की पैसा जरूर जाती है। आज गांव में बहुत सारी योजनाएं चल रही है जिसमें केंद्र सरकार से सीधे पंचायतों में पैसा आ रहा है। आज गांव में महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के सपना साकार होता हुआ दिख रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ प्रेमचंद चतुर्वेदी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में पार्टी के क्रियाकलापों की रूपरेखा को सबके सामने रखा। उन्होंने विगत 23 अप्रैल बाबू कुंवर सिंह विजय उत्सव पर भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह जी की उपस्थिति में राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराने का विश्व कीर्तिमान बनने पर अपने कार्यकर्ताओं सहित भोजपुर वासियों को धन्यवाद दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी की नींव टिकी रहती है। और हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने आपको गौरवान्वित महसूस करते हैं कि हमारी पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़हरा के विधायक श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी के भविष्य कार्यकर्ताओं के किए गए कार्यों पर टिके रहते हैं। पार्टी के नेतृत्व और कार्यकर्ता के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी केंद्र में 300 से अधिक सीटों पर जीत कर सरकार बनाई है। भारतीय जनता पार्टी एक विचार वाली पार्टी है जिसमें शिष्टाचार, देश प्रेम और सबका साथ सबका विकास के साथ अनवरत आगे बढ़ती जा रही है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पार्टी और देश का नाम विश्व पटल पर उभर रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास सैद्धांतिक विचार है । हमारे लिए सत्ता साध्य नही, बल्कि सत्ता सेवा के लिए है। हमारा लक्ष्य अंत्योदय है। विपक्षी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि विपक्षी पार्टियां आज राजनीतिक शून्यता से गुजर कर रही है। वे केवल नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। यह भारतीय जनता पार्टी कभी बिखरी नहीं क्योंकि पार्टी कार्यकर्ताओं की है और एक विचारधारा की पार्टी है जिसके कारण आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। भारतीय जनता पार्टी गरीबों -दलितों समाज के सभी वर्गों को लेकर आगे बढ़ती है। देश में विपक्षी पार्टी द्वारा असहिष्णुता का माहौल पैदा किया गया लेकिन जब कश्मीरी पंडितों को मारा जा रहा था उस समय उनको असहिष्णुता नहीं दिख रहा था।
भारतीय जनता पार्टी के तरारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कौशल विद्यार्थी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि आज देश में चुनौतियां बढ़ गई है। विपक्षी पार्टियों द्वारा गठबंधन कर सरकार के खिलाफ नफरत पैदा किया जा रहा है। समाज को बांटने के कोशिश की जा रही है जिससे हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को सचेत रहने की जरूरत है। शाहपुर के पूर्व विधायक मुन्नी देवी ने शाहपुर में जिला कार्यसमिति कराने पर जिला अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया और शाहपुर की जनता और कार्यकर्ताओं को लोकसभा के चुनाव में नरेंद्र मोदी जी के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया।
स्वागत भाषण भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भुवर ओझा द्वारा दिया गया जिन्होंने शाहपुर के धरती पर लगभग 25 सालों बाद कार्य समिति कराने के लिए जिला अध्यक्ष को आभार व्यक्त किया। इसके साथ कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के संयोजक तारकेश्वर ठाकुर,पूर्व जिला अध्यक्ष मिथलेश कुशवाहा, आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक सियाराम सिंह ने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष लव पांडे, शंभू चौरसिया नरेंद्र तिवारी, मंगलाचरण तिवारी, कौशल यादव आदित्य विजय प्रताप, जिला महामंत्री श्री भगवान सिंह, मदन स्नेही, जिला मंत्री वरुण सिंह,बंदना राजवंशी, पवन सिंह,पुनम कुशवाहा, कृष्णा देवी, ध्रुव ठाकुर, मीडिया संयोजक संजय कुमार सिंह,कोषाध्यक्ष दीपक सिंह, प्रवक्ता राजीव रंजन तिवारी, धीरज सिंह आईटी जिला संयोजक कुमार गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय सिंह, कामेश्वर सिंह,हरेन्द्र पांडे, महेश पासवान, राजेंद्र तिवारी, धीरेंद्र सिंह, उदय प्रताप सिंह,प्रह्लाद राय सूर्यकांत पांडे,कर्ण जी,वरिष्ठ नेता शंभुशरण मिश्रा,परशुराम चौधरी, सभी मोर्चा प्रकोष्ठ और विभाग के अध्यक्ष, संयोजक सहित सभी मंडल अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य मंडल महामंत्री और मंडल प्रभारी शामिल हुए।