
पुर्णिया। मध्य विद्यालय महम्मदपुर बरसौनी डगरूआ परिसर में बाल दिवस पर बाल संसद एवं मीना मंच द्वारा बाल मेला का आयोजन किया गया। बाल मेला में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ स्टॉल लगाकर भरपूर आनंद उठाया। सरोजिनी नायडू ग्रुप ने जहां पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला, वहीं स्माइल ग्रुप ने चार्ट चाउमीन का स्टाल लगाया।
नेहरू ग्रुप के लड़कों ने पानी पुरी कॉफी भुजा का स्टाल लगाया, उनका स्लोगन था, पानी पुरी खाइए दोस्ती बढ़ाइए। आप नहीं खाइएगा रात भर सो नहीं पाएईगा। इंदिरा ग्रुप भी कहां पीछे रहने वाली थी, उनका स्टाल पास्ता, सबसे सस्ता ने अभिभावकों का दिल जीत लिया। ग्रामीण क्षेत्र में बिकने वाले पॉपी बच्चों को खूब आकर्षित किया। इन सब से हटकर 1 से 5 के बच्चों के द्वारा रेड कार्पेट पर जलवा तेरा जलवा गाने पर रैम्प वॉक किया गया।
विद्यालय प्रधानाध्यापिका शाहीन अख्तर ने कहा इससे पहले भी विद्यालय में इस तरह का आयोजन हो चुका है। इन सबसे बच्चों के अंदर स्किल डेवलप होता है, जो उनके विकास के लिए आवश्यक है। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित सैकड़ों बच्चे व उनके अभिभावक भी उपस्थित रहें।

