बदायूं नवीनगर में स्व. संतपाल सिंह राठौड़ की 10वीं पुण्यतिथि पर 26 राज्यों के 151 शिक्षक और 51 समाजसेवी सम्मानित

परिजनों ने किया वृक्षारोपण व पुष्पर्चन कर दी श्रद्धांजलि
बदायूं (नवीनगर)। दशम पुण्यतिथि पर स्व संतपाल सिंह राठौड़ का भावपूर्ण स्मरण नवीगंज स्थित समाधि स्थल पर संतपाल सिंह राठौड़ के परिजनों ने वृक्षारोपण व पुष्पर्चन कर दी श्रद्धांजलि दी। जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के प्रेरणा पुंज आदर्श शिक्षक स्व संतपाल सिंह राठौड़ की दशम पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव नवीगंज में स्थित परिजनों व ग्राम वासियों द्वारा समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
साथ ही उनकी स्मृति में देश भर में उनके अनुयायियों द्वारा, संगठन के कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, पदाधिकारियों व देश भर के उत्क्रष्ट शिक्षकों द्वारा वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम विकसित भारत को समर्पित रहा। जनपद के एक सौ दो वर्षीय शिक्षक सी पी सक्सेना ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
गत वर्षों की भांति सम्मान समारोह का आयोजन प्रभा शंकर मेमोरियल स्काउट भवन बदायूं मे प्रख्यात शिक्षाविद राम बहादुर पाण्डेय की अध्यक्षता में किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में नगर विधायक व पूर्व मंत्री महेश चंद्र गुप्ता उपस्थित रहें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध लेखिका डॉ ममता नौगरिया, डॉ उमा सिंह गौर उपस्थित रही। समारोह में 51 महानुभावों को विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए भारतीय हिंदी सेवी सम्मान, नारी शक्ति सम्मान, प्रकृति प्रहरी सम्मान, सामाजिक कार्यकर्ता सम्मान एवं भारत के छब्बीस राज्यों के 151 उत्क्रष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सर्वप्रथम अतिथिगण व उपस्थित शिक्षकों द्वारा पौधरोपण किया गया। तत्पश्चात स्व संतपाल सिंह राठौड़ के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्णिया, बिहार की शिक्षिका ज्योति कुमारी को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए नारी शक्ति सम्मान 2024 तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान 2024 से सम्मानित किया गया l
