बक्सर : माता अहिल्या धाम, अहिरौली, बक्सर में आयोजित सनातन संस्कृति समागम के तीसरे दिन परम पूज्य श्री जीयर स्वामी जी के मार्गदर्शन व सानिध्य में श्रीलक्ष्मीनारायण यज्ञ प्रारम्भ से पहले जल भरी कलश यात्रा निकली, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया साथ ही स्वामी श्री अनंताचार्य जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
श्रीराम कर्मभूमि न्यास के तत्वावधान व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के संयोजन में माता अहिल्या धाम, अहिरौली, बक्सर में 9 दिवसीय सनातन संस्कृति समागम एवं अन्तर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है। आयोजन के तीसरे दिन केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे जी के नेतृत्व में जल भरी कलश यात्रा निकली जिसमे हाथी, घोड़े और ऊंट पर सवार होकर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। यज्ञस्थल स्थल से निकली रामभक्तों की विशाल कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए राम रेखा घाट से जल भरने के पश्चात पुनः यज्ञस्थल पहुंचने पर समाप्त हुई।
माननीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे जी ने बताया कि जल भरी कलश यात्रा में लाखों लोग हैं। श्रद्धालु हाथी, घोड़े और ऊंट पर सवार होकर पूरे उत्साह के साथ नगर भ्रमण कर रहे हैं। 25 किलोमीटर लंबी जल भरी कलश यात्रा से यह समागम महाकुंभ में तब्दील हो गया है। यात्रा के पश्चात इस ऐतिहासिक यज्ञभूमि में श्रीलक्ष्मीनारायण यज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा।
आपको बता दें कि गत दिवस आरएसएस सर संघचालक माननीय मोहन भागवत की अध्यक्षता में अन्तर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन सम्पन्न हुआ। जिसके बाद संध्या कार्यक्रम में राष्ट्रीय कलाकार पद्मश्री कैलाश खेर ने शिरकत किया।